HomeLatest Newsसाहिबगंज में सनसनीखेज वारदात: नवविवाहिता की गला रेतकर हत्या, पति ने फांसी...

साहिबगंज में सनसनीखेज वारदात: नवविवाहिता की गला रेतकर हत्या, पति ने फांसी लगाकर दी जान

साहिबगंज: झारखंड के साहिबगंज जिले के राधानगर थाना क्षेत्र में एक नवविवाहित दंपती की मौत का मामला सामने आया है। महेशबथान स्थित काशीनाथ मंडल टोला में 26 वर्षीय विक्रम साहा का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी मामुनि बसाक का शव कमरे में खून से लथपथ अवस्था में पड़ा था। शुरुआती जानकारी के अनुसार, विक्रम ने कथित तौर पर पत्नी की गला रेतकर हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी रविवार सुबह मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। दंपती की मौत के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।

कमरे में मिले पति-पत्नी के शव

जानकारी के अनुसार, महेशबथान निवासी शंकर साहा के पुत्र विक्रम साहा ने शनिवार रात कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया। रविवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर विक्रम के छोटे भाई प्रशांत साहा को संदेह हुआ। उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।

इसके बाद दरवाजा खोलने पर प्रशांत ने अपने बड़े भाई को फंदे से लटका हुआ पाया। वहीं, उसकी भाभी मामुनि बसाक का शव जमीन पर पड़ा था। दृश्य देखकर वह घबरा गया और घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को दी।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर राधानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीपीओ राजमहल विमलेश कुमार त्रिपाठी और थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से पूछताछ कर मामले से संबंधित जानकारी जुटाई।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल घटना के कारणों का पता लगाने के लिए विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामले से जुड़ी परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

छह महीने पहले किया था प्रेम विवाह

बताया जाता है कि विक्रम साहा और मामुनि बसाक की शादी करीब छह महीने पहले हुई थी। दोनों ने राधानगर थाना क्षेत्र के मनिहारी टोला निवासी मामुनि बसाक से अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद विक्रम का छोटा भाई भी उसके साथ रहता था।

विक्रम अपने पिता शंकर साहा की पहली पत्नी का बेटा था। उसके दो भाई हैं। बताया जाता है कि उसके पिता वर्तमान में अपनी दूसरी पत्नी के साथ धनबाद और पश्चिम बंगाल के जंगीपुर में फेरी लगाने का काम करते हैं।

हत्या और आत्महत्या की वजह तलाश रही पुलिस

घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन पति-पत्नी की मौत के पीछे की वास्तविक वजह अब तक सामने नहीं आई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात से पहले दंपती के बीच कोई विवाद हुआ था या इसके पीछे कोई अन्य कारण था। फिलहाल जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments