रांची: झारखंड की राजधानी रांची में प्रकृति, जंगल, वन्यजीव और पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी कहानियां अब बड़े पर्दे पर दिखाई जाएंगी। वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग की ओर से 28 से 30 नवंबर तक तीन दिवसीय ‘अरण्यक’ पर्यावरण फिल्म फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन 28 नवंबर को इस महोत्सव का उद्घाटन करेंगे।
इस फिल्म फेस्टिवल में देश-विदेश की कुल 75 चयनित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। खास बात यह है कि आयोजन के लिए दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से 775 फिल्मों की प्रविष्टियां मिली थीं। इनमें से चयन प्रक्रिया के बाद 75 फिल्मों को स्क्रीनिंग के लिए चुना गया है।
775 फिल्मों में से चुनी गईं 75 फिल्में
प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख संजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि फिल्म फेस्टिवल के लिए कुल 775 प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं। चयनित फिल्मों को दो श्रेणियों में बांटा गया है। पहली श्रेणी प्रतिस्पर्धी होगी, जिसमें फिल्मों के बीच मुकाबला होगा और विजेताओं को सम्मानित किया जाएगा। दूसरी श्रेणी गैर-प्रतिस्पर्धी होगी, जिसमें करीब 10 देशों की अंतरराष्ट्रीय फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा।
दो स्थानों पर होगी फिल्मों की स्क्रीनिंग
तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान रांची के शौर्य सभागार और वन भवन स्थित पलाश ऑडिटोरियम में फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। आयोजन में देशभर से करीब 48 फिल्म निर्माता और निर्देशक शामिल होंगे। फिल्म स्क्रीनिंग के अलावा संवाद सत्र, कार्यशालाएं और फिल्म निर्माण से जुड़ी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
झारखंड की फिल्मों को भी मिलेगा मंच
फेस्टिवल में झारखंड के फिल्मकारों की रचनाओं को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इस दौरान मेघनाथ भट्टाचार्य की फिल्म ‘सोहराय’ और बीजू टोप्पो की चर्चित फिल्म ‘झरिया’ की स्क्रीनिंग प्रस्तावित है।
इसके अलावा मुंबई के फिल्मकार ओनिर, कोलकाता के धीमान दास गुप्ता और लखनऊ के ओपी श्रीवास्तव सहित कई फिल्मकार महोत्सव में हिस्सा लेंगे।
युवाओं को फिल्म निर्माण की बारीकियां सीखने का अवसर
महोत्सव में विशेष संवाद सत्र और कार्यशालाएं आयोजित होंगी। इनके माध्यम से युवा और नए फिल्म निर्माता अनुभवी निर्देशकों से सीधे बातचीत कर सकेंगे। उन्हें कहानी चयन, फिल्म निर्माण की तकनीक और पर्यावरण जैसे गंभीर विषयों को प्रभावी तरीके से पर्दे पर प्रस्तुत करने की जानकारी मिलेगी।
पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना उद्देश्य
प्रधान मुख्य वन संरक्षक संजीव कुमार के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य केवल फिल्में दिखाना नहीं, बल्कि सिनेमा और कहानी कहने की कला के माध्यम से लोगों को प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जागरूक करना है।
झारखंड में जंगल, वन्यजीव और जैव विविधता से जुड़ी कई महत्वपूर्ण कहानियां हैं। इस महोत्सव के जरिए इन कहानियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ राज्य के युवाओं को फिल्म निर्माण के क्षेत्र में अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

