चतरा। झारखंड के चतरा जिले में NTPC टंडवा प्रोजेक्ट के एक्सटर्नल कोल हैंडलिंग प्लांट (CHP) में बड़ा हादसा हुआ। कोल कन्वेयर बेल्ट के जंक्शन नंबर-1 पर टेकअप ट्रॉली गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो मजदूर अब भी मलबे के नीचे दबे हैं। उन्हें निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
हादसा उस वक्त हुआ, जब कन्वेयर बेल्ट से जुड़े कार्य के दौरान टेकअप ट्रॉली अचानक गिर गई। इसके नीचे काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए। घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। यहां सिम्पल्स कंपनी की ओर से काम कराया जा रहा था।
हादसे में मृत मजदूर की पहचान
हादसे में मृत एक मजदूर की पहचान राजेंद्र सोनी उर्फ राजू के रूप में हुई है। वह टंडवा के रहने वाले थे और वर्ष 2019 से संबंधित कंपनी में काम कर रहे थे। अन्य मृतकों की पहचान की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
दो मजदूर अब भी दबे, रेस्क्यू जारी
चतरा के एसपी अनिमेष नैथानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि टेकअप ट्रॉली गिरने से तीन मजदूरों की मौत हुई है, जबकि दो मजदूर अब भी नीचे दबे हुए हैं। उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है। इस दुर्घटना ने NTPC प्रोजेक्ट में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

