रांची। झारखंड में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने राज्य के सभी जिलों में H1N1 और इन्फ्लुएंजा के मामलों की लगातार निगरानी करने के साथ संदिग्ध मरीजों की समय पर पहचान, जांच और उपचार की व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया है।
29 अगस्त 2026 को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के हस्ताक्षर से जारी विभागीय एडवाइजरी में सभी उपायुक्तों, सिविल सर्जनों, मेडिकल कॉलेज अस्पतालों के अधीक्षक एवं प्राचार्य तथा जिला सर्विलांस पदाधिकारियों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया है।
ILI और SARI मामलों पर रहेगी विशेष नजर
स्वास्थ्य विभाग के निर्देश के अनुसार राज्य के सभी जिलों में Influenza Like Illness (ILI) और Severe Acute Respiratory Infection (SARI) के मामलों की नियमित निगरानी की जाएगी। किसी क्षेत्र में संदिग्ध मामलों में असामान्य बढ़ोतरी होने पर तत्काल इसकी सूचना देने और आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया है।
सदर अस्पतालों, मेडिकल कॉलेज अस्पतालों, RIMS रांची, अनुमंडलीय अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC) को संदिग्ध मरीजों की पहचान, चिकित्सकीय मूल्यांकन, जांच और उपचार के लिए तैयार रहने को कहा गया है।
अस्पतालों में 10 बेड रिजर्व रखने का निर्देश
H1N1 के संभावित मरीजों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए RIMS समेत सभी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों और सदर अस्पतालों में अतिरिक्त 10 बेड सुरक्षित रखने का निर्देश दिया गया है। साथ ही अस्पतालों में पर्याप्त ऑक्सीजन, जरूरी दवाएं, जांच सुविधाएं, ICU/HDU और प्रशिक्षित चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
बुखार, खांसी, गले में दर्द, सर्दी-जुकाम और सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण वाले मरीजों का चिकित्सकीय मूल्यांकन करने तथा आवश्यकता के अनुसार Influenza/H1N1 की जांच कराने पर जोर दिया गया है। गंभीर मरीजों को बिना देरी उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर करने और प्रत्येक जिले में प्रभावी रेफरल व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया है।
सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान
एडवाइजरी में एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सतर्कता बढ़ाने के साथ जन-जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया है। संक्रमण नियंत्रण के निर्धारित प्रोटोकॉल का पालन करने और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों को अफवाहों पर रोक लगाते हुए आम लोगों तक केवल प्रमाणित और सही जानकारी पहुंचाने का निर्देश दिया है। उन्होंने H1N1 को लेकर पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ काम करने तथा किसी भी गंभीर या असामान्य स्थिति की तत्काल रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने को कहा है।

