रांची: झारखंड भाजपा ने संगठन में मोर्चा स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए छह प्रदेश अध्यक्षों के नामों की घोषणा की है। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सन्नी टोप्पो को अनुसूचित जनजाति मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि डॉ. सीमा सिंह को महिला मोर्चा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू की सहमति के बाद नई जिम्मेदारियों की घोषणा की गई। सन्नी टोप्पो ने वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के टिकट पर मांडर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी शिल्पी नेहा तिर्की को कड़ी चुनौती दी थी, हालांकि चुनाव में उन्हें सफलता नहीं मिली। अब पार्टी ने उन्हें संगठन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है।
भाजपा ने मनोज वाजपेयी महतो को ओबीसी मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। वहीं अर्जुन सिंह को किसान मोर्चा और रंजय भारती को अनुसूचित जाति मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
महिला मोर्चा की कमान डॉ. सीमा सिंह को दी गई है। इसके अलावा मो. ताजदार आलम को अल्पसंख्यक मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। नई नियुक्तियों के साथ भाजपा ने विभिन्न सामाजिक वर्गों के बीच संगठन को मजबूत करने और मोर्चों के स्तर पर गतिविधियों को गति देने की तैयारी की है।

