HomeBreaking Newsजय शाह फिर बने क्रिकेट के बॉस: आईसीसी (ICC) के लगातार दूसरे...

जय शाह फिर बने क्रिकेट के बॉस: आईसीसी (ICC) के लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए निर्विरोध चेयरमैन चुने गए

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट प्रशासक जय शाह को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन पद पर लगातार दूसरी बार निर्विरोध पुनर्नियुक्त किया गया है। सोमवार, 16 नवंबर को इंडोनेशिया के बाली में हुई ICC बोर्ड की बैठक में उनके नाम पर मुहर लगी। ICC ने आधिकारिक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की।

ICC के अनुसार, बोर्ड के निदेशकों के प्रस्ताव के बाद जय शाह को दूसरे कार्यकाल के लिए चुना गया है। यह फैसला क्रिकेट के वैश्विक विस्तार, दर्शकों की बढ़ती संख्या और खेल के व्यावसायिक विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जय शाह ने बोर्ड के सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि ICC चेयरमैन के रूप में काम करना उनके लिए सम्मान और जिम्मेदारी दोनों है। उन्होंने दुनिया भर में क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई।

लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 पर रहेगा फोकस

जय शाह ने कहा कि क्रिकेट अपने इतिहास के महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है। वर्ष 2028 में लॉस एंजिल्स ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने और नई पीढ़ी को इससे जोड़ने का बड़ा अवसर है। उन्होंने कहा कि ICC की जिम्मेदारी केवल सफल टूर्नामेंट आयोजित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि खेल का मजबूत और टिकाऊ भविष्य तैयार करना भी जरूरी है।

ICC बोर्ड ने भी अपनी प्राथमिकताओं में महिला क्रिकेट को बढ़ावा देना, एसोसिएट सदस्य देशों के लिए अवसर बढ़ाना, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की बुनियाद मजबूत करना और खेल की निष्पक्षता बनाए रखना शामिल किया है।

दिसंबर 2024 में संभाली थी ICC की कमान

जय शाह ने 1 दिसंबर 2024 को ICC चेयरमैन का पद संभाला था। इससे पहले वह भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव के रूप में कार्यरत थे। उनका पहला कार्यकाल दिसंबर 2027 में पूरा होगा। इसके बाद उनका दूसरा तीन वर्षीय कार्यकाल शुरू होगा, जो दिसंबर 2030 तक चलेगा।

क्रिकेट के वैश्विक विस्तार और ओलंपिक में खेल की वापसी की तैयारियों के बीच जय शाह की पुनर्नियुक्ति को ICC में नेतृत्व की निरंतरता के रूप में देखा जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments