-13वें वर्ष भी जारी है लागत मूल्य पर फल उपलब्ध कराने की परंपरा, करीब 70 लाख रुपये के फलों से सजा हिंदू हाई स्कूल मैदान
-उज्जवल दुनिया संवाददाता
हजारीबाग। लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर हजारीबाग में सेवा, सहयोग और सामाजिक समर्पण की अनूठी परंपरा एक बार फिर देखने को मिल रही है। शहर के हिंदू हाई स्कूल मैदान में श्री सूर्य षष्ठी फल वितरण समिति की ओर से लगातार 13वें वर्ष फल बाजार का आयोजन किया गया है। इस बाजार की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां मुनाफा कमाना उद्देश्य नहीं, बल्कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को लागत मूल्य पर फल एवं पूजन सामग्री उपलब्ध कराना है। इस वर्ष करीब 70 लाख रुपये के फलों का बाजार सजाया गया है। लगातार तीन दिनों से संचालित इस बाजार का रविवार की सुबह हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल ने भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न काउंटरों पर पहुंचकर स्वयं पर्ची काटी और श्रद्धालुओं को फल भेंट किए। सांसद ने इस सेवा कार्य में जुटे समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों और स्वयंसेवकों से मुलाकात कर उनका उत्साह बढ़ाया तथा उनके समर्पण की सराहना की। सांसद श्री जायसवाल ने कहा कि छठ महापर्व केवल आस्था और उपासना का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सहयोग और सेवा का भी प्रतीक है। हजारीबाग में पिछले 13 वर्षों से चल रही यह पहल समाज की सामूहिक शक्ति और सेवाभाव का उत्कृष्ट उदाहरण है। ऐसे आयोजन पर्व की वास्तविक भावना को जीवंत करते हैं। समिति की यह पहल महंगाई के दौर में आम परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। समाज के युवाओं, शिक्षकों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों और समाजसेवियों के सामूहिक सहयोग से संचालित इस बाजार में न केवल श्रद्धालुओं को उचित मूल्य पर फल मिल रहे हैं, बल्कि स्थानीय किसानों को भी अपने उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर मंच उपलब्ध हो रहा है।इस पुनीत अभियान में समिति के अध्यक्ष मनोज गुप्ता, मेयर अरविंद राणा सहित सभी पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक पूरी निष्ठा से जुटे हैं। बाजार की व्यवस्था से लेकर फल वितरण और बिक्री तक हर स्तर पर सेवाभाव की झलक दिखाई दे रही है। हजारीबाग का यह फल बाजार अब केवल खरीद-बिक्री का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक एकजुटता और सामूहिक सेवा की पहचान बन चुका है। यहां पर्व के उत्साह के साथ जरूरतमंद परिवारों को राहत देने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश भी दिया जा रहा है। सचमुच, हजारीबाग की पहचान केवल पर्व-त्योहारों की भव्यता से नहीं, बल्कि उन पर्वों के साथ जुड़ी सेवा और सहयोग की परंपरा से भी है।
हजारीबाग के फल बाजार में सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल, सांसद मनीष जायसवाल ने बढ़ाया स्वयंसेवकों का उत्साह
RELATED ARTICLES


