HomeBreaking Newsगम्हरिया थाने में महिला से दुष्कर्म का आरोप, थाना प्रभारी समेत चार...

गम्हरिया थाने में महिला से दुष्कर्म का आरोप, थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी सस्पेंड

सरायकेला-खरसावां। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पीड़िता का आरोप है कि घरेलू विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंचने के बाद उसके साथ एक पुलिसकर्मी ने दुष्कर्म किया। मामले में एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। वहीं, आरोपी सिपाही नीरज लकड़ा को गिरफ्तार किए जाने की खबर है।

घरेलू विवाद की शिकायत लेकर थाने पहुंची थी महिला

मिली जानकारी के अनुसार, महिला गुरुवार की रात घरेलू विवाद को लेकर शिकायत दर्ज कराने गम्हरिया थाने पहुंची थी। महिला ने आरोप लगाया कि इसी दौरान थाने में तैनात एक पुलिसकर्मी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

घटना की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने पुलिस टीम के साथ थाने पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए कथित घटनास्थल वाले कमरे को सील कर दिया गया।

आरोपी सिपाही गिरफ्तार, चार पुलिसकर्मी निलंबित

मामले में एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी संजय प्रसाद, सब इंस्पेक्टर मनोज साहू, अनिरुद्ध सिंह और आरक्षी संतोष राय को निलंबित कर दिया है। इन पुलिसकर्मियों पर कर्तव्य में लापरवाही और चूक के आरोप हैं।

वहीं, आरोपी सिपाही नीरज लकड़ा को गिरफ्तार किया गया है। मामले की विस्तृत जांच के लिए एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया है।

एसआईटी करेगी मामले की जांच

पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। जांच के दौरान घटनास्थल से संबंधित साक्ष्यों और महिला के आरोपों की पड़ताल की जाएगी। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

थाने में महिला की सुरक्षा से जुड़ा यह मामला पुलिस की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े करता है। अब सबकी नजर जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई पर है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments