धनबाद: झारखंड के धनबाद में आवारा कुत्तों के झुंड ने पांच साल की मासूम बच्ची पर हमला कर दिया। घटना सरायढेला थाना क्षेत्र की न्यू कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर के पास की है। बच्ची अपनी बहन के साथ मैदान की ओर जा रही थी, तभी अचानक 10 से 15 आवारा कुत्तों ने उसे घेर लिया और हमला कर दिया।
बच्ची की चीख सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने कुत्तों को वहां से भगाया और बच्ची को बचाया। हालांकि, तब तक वह बुरी तरह घायल हो चुकी थी।
CCTV में कैद हुआ खौफनाक मंजर
घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुत्तों का झुंड बच्ची को घेरकर हमला करता दिखाई दे रहा है। हमले के बाद परिजन तुरंत बच्ची को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने बच्ची को एंटी-रेबीज वैक्सीन समेत जरूरी दवाइयां दीं।
परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद बच्ची काफी डरी हुई है और घर से बाहर निकलने में भी घबरा रही है। परिवार के अन्य बच्चे भी इस घटना से सहमे हुए हैं।
शिकायत के बाद भी कार्रवाई पर सवाल
बच्ची के पिता विकास सिन्हा ने बताया कि बेटी को इस हालत में देखकर पूरा परिवार सदमे में है। उन्होंने आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर नगर निगम के टोल-फ्री नंबर पर शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन उनका आरोप है कि शिकायत के बावजूद तत्काल कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई।
घटना ने धनबाद में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई इलाकों में कुत्ते झुंड में घूमते हैं, जिससे बच्चों और बुजुर्गों में डर बना रहता है। लोगों ने नसबंदी अभियान और डॉग कैचर व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की है।
डॉग कैचर टीम भेजेगा नगर निगम
नगर निगम की डॉग कैचर टीम की प्रभारी डॉ. दीपांजलि मरांडी ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी पहले नहीं थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने संबंधित इलाके में टीम भेजकर आवारा कुत्तों को पकड़ने की कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि नगर निगम संवेदनशील इलाकों को चिन्हित कर नियमित अभियान चलाए, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

