नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो के दो स्टेशनों पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखने के मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने प्रतिबंधित संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) से जुड़े कथित हैंडलर्स के निर्देश पर इस घटना को अंजाम दिया था। जांच में आरोपियों को इसके बदले मोटी रकम देने का लालच दिए जाने की बात भी सामने आई है।
दो मेट्रो स्टेशनों पर लिखे गए थे नारे
पुलिस के अनुसार, 29 अक्टूबर को जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास फर्श पर खालिस्तान समर्थक नारे लिखे मिले थे। इसके अगले दिन यानी 30 अक्टूबर को शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-2 की सीढ़ियों की अंदरूनी दीवार पर भी इसी तरह की ग्रैफिटी पाई गई।
इन नारों में पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ को निशाना बनाते हुए धमकी भरा संदेश लिखा गया था। पुलिस इस घटना को दिलजीत दोसांझ के दिल्ली कॉन्सर्ट से जोड़कर भी जांच कर रही है।
गिरफ्तार आरोपियों की हुई पहचान
दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमीत उर्फ रफ्तार (30), सुमित कुमार उर्फ काका (22) और गुरप्रीत (22) के रूप में की है। इनमें सुमीत हरियाणा के पानीपत का रहने वाला है, जबकि सुमित कुमार पंजाब के गुरदासपुर और गुरप्रीत होशियारपुर की निवासी है।
एन्क्रिप्टेड ऐप के जरिए मिले थे निर्देश
पुलिस जांच के मुताबिक, सुमित कुमार उर्फ काका की कथित तौर पर लुधियाना और गुरदासपुर में खालिस्तान समर्थक विचारधारा से जुड़े लोगों से संपर्क हुआ था। इसके बाद उसे एक एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप डाउनलोड करने के लिए कहा गया। आरोप है कि इसी ऐप के जरिए उसे नारों के डिजाइन और टेम्पलेट भेजे गए तथा दिल्ली के प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर नारे लिखने के बदले आर्थिक लालच दिया गया।
पुलिस का कहना है कि सुमित कुमार ने इसके बाद अपने दो साथियों को इस काम में शामिल किया। तीनों 28-29 अक्टूबर के दौरान टैक्सी से दिल्ली पहुंचे। सुमीत उर्फ रफ्तार ने जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन पर नारे लिखने के बाद वीडियो बनाया और कथित हैंडलर्स को भेज दिया। वहीं, सुमित कुमार और गुरप्रीत पर शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन पर नारे लिखने का आरोप है।
जीटीके बाईपास पर भी लिखे गए थे नारे
जांच में पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि 30 अक्टूबर को समयपुर बादली थाना क्षेत्र के अंतर्गत जीटीके बाईपास के पास भी इसी तरह की ग्रैफिटी लिखी गई थी। इस घटना की भी जांच की जा रही है।
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल अब इस पूरे मामले में कथित हैंडलर्स और SFJ से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की पहचान करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

