HomeBreaking Newsचुट्टूपालू घाटी में दर्दनाक हादसा, 20 फीट गड्ढे में गिरा सरिया लदा...

चुट्टूपालू घाटी में दर्दनाक हादसा, 20 फीट गड्ढे में गिरा सरिया लदा ट्रेलर; दो की मौत

रामगढ़: जिले की चुट्टूपालू घाटी में एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हुआ। सरिया लदा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरा। हादसे में ट्रेलर पर सवार दो लोगों की सरिया के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटना के बाद ट्रेलर में लदा सरिया बिखर गया था, जिसके नीचे दोनों लोग दब गए थे। पुलिस और राहत दल ने घंटों की मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

रांची से हजारीबाग जा रहा था ट्रेलर

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेलर रांची की ओर से सरिया लेकर हजारीबाग की तरफ जा रहा था। वन विभाग के रेस्ट हाउस के सामने घाटी में वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। चालक ने सड़क किनारे वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन ट्रेलर सड़क से नीचे उतरकर सीधे गहरे गड्ढे में जा गिरा।

हादसा इतना भीषण था कि ट्रेलर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उस पर लदा सरिया नीचे दब गया, जिसकी चपेट में आने से दो लोगों की जान चली गई।

घाटी में लगातार हादसों से बढ़ी चिंता

रामगढ़ थाना के एएसआई मनोज कुमार के अनुसार, चुट्टूपालू घाटी में तीखी ढलान होने के कारण दुर्घटनाएं होती रहती हैं। हादसे के बाद सरिया हटाने का काम जारी था और यह भी जांच की जा रही थी कि कहीं कोई अन्य व्यक्ति मलबे या सरिया के नीचे तो नहीं दबा है।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उठ रहे सवाल

चुट्टूपालू घाटी में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर आरोप लगाया जा रहा है कि दुर्घटना संभावित क्षेत्र होने के बावजूद यहां पर्याप्त और स्थायी सुरक्षा इंतजाम नहीं हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे सुरक्षा दीवार और जल निकासी व्यवस्था से जुड़े निर्माण कार्यों के कारण भी कई जगहों पर स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उनका आरोप है कि सुरक्षा दीवार बनाए जाने के दौरान नाली की व्यवस्था प्रभावित हुई है, जिससे बारिश के पानी की निकासी को लेकर भी परेशानी होती है।

हाल के दिनों में घाटी में हुए लगातार हादसों के बाद सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा और दुर्घटना संभावित स्थानों पर ठोस कदम उठाने की मांग तेज हो गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments