HomeBreaking Newsचौपारण में अफीम तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़, एक को लगी...

चौपारण में अफीम तस्करों और पुलिस के बीच मुठभेड़, एक को लगी गोली, दो गिरफ्तार

-हथिया बाबा मंदिर के पास हुई कार्रवाई में दो देसी पिस्टल, कारतूस और 10 किलो 100 ग्राम अफीम बरामद
-उज्जवल दुनिया संवाददाता
हजारीबाग। जिले के चौपारण थाना क्षेत्र की दनुवा घाटी स्थित हथिया बाबा मंदिर के पास शनिवार को अफीम तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी को गोली लगी, जबकि दो अन्य आरोपियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद रिम्स, रांची रेफर किया गया है।
=====================
गुप्त सूचना पर पहुंची थी पुलिस टीम
=====================
एसपी अमन कुमार को सूचना मिली थी कि हथिया बाबा मंदिर के आसपास कुछ लोग हथियार के साथ अफीम की खरीद-फरोख्त के लिए जुटे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद चौपारण थाना प्रभारी पंकज कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके में छापेमारी की। पुलिस टीम के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया, जबकि एक आरोपी जंगल की ओर भागने लगा।
=====================
जंगल में भाग रहे आरोपी ने की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में लगी गोली
=====================
पुलिस के मुताबिक, जंगल की ओर भाग रहे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान आरोपी को गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। घायल आरोपी की पहचान बिहार के गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र के चापी गांव निवासी अजय कुमार सिंह, पिता मुनेश सिंह के रूप में हुई है। उसे तत्काल बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे रिम्स रेफर कर दिया।
=====================
दो देसी पिस्टल समेत हथियार और अफीम बरामद
=====================
पुलिस ने घटनास्थल से दो देसी पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किए हैं। इसके अलावा करीब 10 किलो 100 ग्राम अफीम एवं अफीम कट बरामद किए जाने की जानकारी है। मौके से एक नीले रंग की Fronx कार, बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
=====================
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ, नेटवर्क की तलाश
=====================
मौके से गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश हर्ष राज उर्फ ऋतिक कुमार, पिता राजकुमार दांगी, निवासी उटा मोड़, थाना सदर, जिला चतरा और सोनू कुमार, पिता संजय कुमार पाली, निवासी काहूदाग, थाना बाराचट्टी, जिला गया (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि अफीम की खेप कहां से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और तस्करी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच के साथ संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments