HomeBreaking Newsजमशेदपुर केनरा बैंक डकैती: 3 फरार अपराधियों की तस्वीरें जारी, पुलिस ने...

जमशेदपुर केनरा बैंक डकैती: 3 फरार अपराधियों की तस्वीरें जारी, पुलिस ने घोषित किया 6 लाख का इनाम

पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर): जमशेदपुर के गोलमुरी स्थित केनरा बैंक में बीते 24 सितंबर को हुई करोड़ों रुपये की सनसनीखेज डकैती मामले में पुलिस ने अपनी जांच तेज कर दी है। पुलिस जांच में बिहार के पटना व समस्तीपुर और पश्चिम बंगाल के रानीगंज से जुड़े अंतरराज्यीय गिरोह की संलिप्तता सामने आई है। मामले में फरार चल रहे तीन मुख्य आरोपियों की नई और स्पष्ट तस्वीरें जारी करते हुए जमशेदपुर पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी के लिए कुल 6 लाख रुपये (प्रत्येक पर 2 लाख रुपये) के इनाम का ऐलान किया है।

23 किलो सोना और 43 लाख कैश ले उड़े थे अपराधी

24 सितंबर को गोलमुरी स्थित केनरा बैंक शाखा में हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोला था। बैंक कर्मियों और ग्राहकों को गनपॉइंट पर बंधक बनाकर लुटेरों ने महज कुछ ही मिनटों में करीब 23 किलोग्राम सोना और 43 लाख रुपये नकद लूट लिए थे। लूटे गए सोने का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 33 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। वारदात के बाद से ही जमशेदपुर पुलिस की विशेष टीमें बिहार, पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही हैं।

इन तीन शातिर अपराधियों की हुई पहचान

पुलिस की तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन प्रमुख फरार आरोपियों की पहचान की गई है:

  • प्रियदर्शी उर्फ दर्शन कुमार: निवासी – चैता, समस्तीपुर (बिहार)

  • अक्षय कुमार उर्फ साका: निवासी – गोसाईं गांव, पटना (बिहार)

  • अमन सिंह: निवासी – रानीगंज (पश्चिम बंगाल)

पुलिस के अनुसार, ये आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद लगातार अपने ठिकाने बदल रहे हैं। इसी वजह से इनकी तस्वीरें सार्वजनिक की गई हैं ताकि आम जनता के सहयोग से इनकी गिरफ्तारी जल्द से जल्द की जा सके।

BNS और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज

इस बहुचर्चित डकैती कांड के संबंध में गोलमुरी थाना में कांड संख्या 103/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 310(2), 311 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

पहचान गुप्त रखने का आश्वासन, पुलिस की अपील

जमशेदपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि तस्वीरों में दिख रहे आरोपियों के संबंध में कोई भी विश्वसनीय जानकारी या सुराग मिले, तो तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित करें। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह से गुप्त रखी जाएगी और सटीक जानकारी देने वाले को घोषित इनाम की राशि प्रदान की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments