HomeBreaking Newsअवैध कोयला परिवहन पर CISF का बड़ा शिकंजा, तीन ट्रक समेत 138.370...

अवैध कोयला परिवहन पर CISF का बड़ा शिकंजा, तीन ट्रक समेत 138.370 टन कोयला जब्त

पृथ्वी राज/ नंदन कुमार/उज्जवल दुनिया संवाददाता
बड़कागांव/चरही। एनटीपीसी बादम सीएमपी कोयला खनन परियोजना क्षेत्र से अवैध रूप से कोयला परिवहन के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ कमांडेंट विवेक शर्मा के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान चरही रेलवे साइडिंग के समीप एंबुश लगाकर अवैध कोयला लदे तीन ट्रकों को पकड़ा गया। तीनों वाहनों से कुल 138.370 टन अवैध कोयला बरामद किया गया।जानकारी के अनुसार CISF को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि एनटीपीसी बादम सीएमपी क्षेत्र से अवैध रूप से कोयला लोड कर कुछ वाहन चरही रेलवे साइडिंग की ओर आने वाले हैं। सूचना की पुष्टि के बाद CISF के करीब 50 जवानों की टीम ने चरही रेलवे साइडिंग के समीप अभियान चलाया। इस दौरान तीन संदिग्ध ट्रकों को रोककर जांच की गई, जिसमें अवैध कोयला लदा पाया गया। पकड़े गए तीनों ट्रकों को CISF की सुरक्षा में एनटीपीसी के कांटा घर ले जाकर वजन कराया गया। वजन के बाद तीनों वाहनों में कुल 138.370 टन कोयला पाया गया। जब्त कोयले की कीमत का निर्धारण एनटीपीसी की निर्धारित प्रक्रिया के तहत मूल्यांकन पूरा होने के बाद किया जाएगा।

CISF के अनुसार जब्त कोयला और संबंधित वाहनों के मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 (MMDR Act) के प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। CISF ने बताया कि अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई में स्थानीय ग्रामीणों से मिली विश्वसनीय सूचनाओं की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। CISF ने लोगों से अवैध गतिविधियों की जानकारी उपलब्ध कराने की अपील करते हुए कहा कि सूचना मिलने पर ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी। सीआईएसएफ के कमांडेंट ने बताया कि यह अभियान निरंतर चलता रहेगा।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments