HomeInternationalनेपाल में दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर, भारतीय पर्यटक की मौत; तीन लोग...

नेपाल में दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर, भारतीय पर्यटक की मौत; तीन लोग घायल

काठमांडू। नेपाल के सोलुखुम्बु जिले में माउंट एवरेस्ट के पास मंगलवार सुबह बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में भारत के 47 वर्षीय पर्यटक वसंत कुमार बलरामारामाडु की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों में दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलट भी शामिल हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

लैंडिंग के दौरान हुई टक्कर

मिली जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार सुबह करीब 8:11 बजे सोलुखुम्बु जिले के खुम्बू पासांग ल्हामू ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर-4 स्थित फेरीचे (Pheriche) हेलिपैड पर हुआ। फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के हेलीकॉप्टर लैंडिंग की प्रक्रिया में थे, इसी दौरान दोनों के बीच टक्कर हो गई।

हादसे में फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार भारतीय पर्यटक वसंत कुमार बलरामारामाडु की मौके पर ही मौत हो गई। उनका शव लुकला अस्पताल ले जाया गया।

न्यूजीलैंड में रहने वाला भारतीय मूल का नागरिक घायल

इस दुर्घटना में न्यूजीलैंड निवासी 49 वर्षीय शैलेश कृष्ण पटेल भी घायल हुए हैं। वह भारतीय मूल के नागरिक बताए जा रहे हैं। उन्हें एयरलिफ्ट कर काठमांडू के मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलट रवींद्र प्रजापति और प्रज्वल केसी भी हादसे में घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। इस तरह दुर्घटना में कुल तीन लोग घायल हुए हैं।

हादसे के कारणों की जांच जारी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दुर्घटना के समय मौसम साफ था। ऐसे में खराब मौसम को हादसे की वजह नहीं माना जा रहा है। नेपाली अधिकारियों ने तकनीकी गड़बड़ी की आशंका जताई है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

एवरेस्ट बेस कैंप के रास्ते में हुआ हादसा

फेरीचे माउंट एवरेस्ट बेस कैंप जाने वाले लोकप्रिय ट्रेकिंग मार्ग पर स्थित है। इस क्षेत्र में पर्यटकों, पर्वतारोहियों और ट्रेकर्स को लाने-ले जाने के लिए हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल किया जाता है। हादसे के बाद नेपाली प्रशासन और पुलिस की ओर से दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।

इस घटना ने एक बार फिर हिमालयी क्षेत्र में हेलीकॉप्टर संचालन की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments