HomeLatest Newsखूंटी के संत मिखाइल स्कूल में फादर पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत...

खूंटी के संत मिखाइल स्कूल में फादर पर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में रिम्स रेफर

खूंटी। झारखंड के खूंटी थाना क्षेत्र स्थित संत मिखाइल स्कूल में अज्ञात अपराधियों ने स्कूल के फादर बेनेदिक बारला उर्फ फादर बेनी पर जानलेवा हमला कर दिया। सुबह स्कूल परिसर में फैली अफरा-तफरी के बीच घायल फादर को पहले सदर अस्पताल और फिर गंभीर स्थिति को देखते हुए रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया। फादर बेनेदिक बारला 2009 से इस स्कूल में सेवा दे रहे हैं।

स्कूल के फादर अनिल कुमार होरो ने बताया कि सुबह सूचना मिली कि फादर बेनेदिक बारला अपने कमरे में बेहोश पड़े हैं। मौके पर पहुंचने पर कमरे का सामान अस्त-व्यस्त और बिखरा हुआ मिला। सहयोगी फादर निकोलस और संजय सोरेंग की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। फादर अनिल की आशंका है कि यह वारदात देर रात या अहले सुबह की हो सकती है, क्योंकि रात के समय उस हिस्से में कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं रहता। हमला गोली से हुआ या किसी धारदार हथियार से, यह मेडिकल जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।

खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे सूचना मिली। पुलिस ने प्राथमिक उपचार के बाद फादर को सुरक्षा घेरे में रिम्स भेज दिया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। चोट किस हथियार से पहुंचाई गई, इसका पता विस्तृत इंजरी रिपोर्ट आने पर चलेगा। पुलिस टीम घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर रही है। एसपी ने भरोसा जताया कि अपराधियों की शिनाख्त कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और ग्रामीण खूंटी के भगत सिंह चौक पर इकट्ठा हुए और चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने तख्तियां लेकर शिक्षा की ज्योति जलाने वालों पर हमले बंद करने और अपराधियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। चक्काजाम के कारण रांची-चाईबासा और खूंटी-सिमडेगा मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम लोगों को काफी परेशानी हुई।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि खूंटी मुंडा समाज की शांतिप्रिय भूमि है, लेकिन शिक्षा के क्षेत्र में निस्वार्थ सेवा देने वाले स्कूल प्रिंसिपल पर जानलेवा हमला असहनीय है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। घटना के बाद उपजे तनाव को देखते हुए एसडीओ दीपेश कुमारी, डीएसपी मंगल सिंह जामुदा समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर स्थिति संभालने का प्रयास किया। पुलिस की विशेष टीम डॉग स्क्वॉड के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर सुराग जुटाने में जुट गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments