HomeLatest Newsझारखंड के स्कूलों में चलेगा मतदाता जागरूकता अभियान, युवाओं का नाम वोटर...

झारखंड के स्कूलों में चलेगा मतदाता जागरूकता अभियान, युवाओं का नाम वोटर लिस्ट में जोड़ने पर जोर

रांची: झारखंड में युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए स्कूलों में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने गुरुवार को राज्य के सभी प्रमंडलों के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के समन्वयकों और संबंधित अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक की। इसमें स्कूल स्तर पर मतदाता जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी बनाने और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई।

झारखंड में 4,461 ELC सक्रिय

बैठक में के. रवि कुमार ने बताया कि राज्य में 5,535 इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब गठित करने का लक्ष्य है। इसके मुकाबले 4,461 क्लब गठित होकर सक्रिय हैं। उन्होंने अधिकारियों और क्लब समन्वयकों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर सभी जिलों में मतदाता जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना जरूरी है। इसके लिए स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं और विद्यार्थियों के माध्यम से मतदाता पंजीकरण से जुड़ी सही जानकारी परिवारों तक पहुंचाई जाए।

18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवाओं का जुड़ेगा नाम

के. रवि कुमार ने कहा कि प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक, जिसकी उम्र 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और जो संबंधित निर्वाचन क्षेत्र का सामान्य निवासी है, उसका नाम नियमानुसार मतदाता सूची में शामिल होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता पंजीकरण से वंचित नहीं रहे।

इसके लिए ELC के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं और उनके परिवारों को ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया समझाने तथा आवेदन भरने में जरूरी सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया।

SIR के दौरान हर ELC में जागरूकता कार्यक्रम जरूरी

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक स्कूल में मतदाता जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएं। साथ ही SIR की अवधि के दौरान कम से कम हर ELC स्तर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम जरूर आयोजित किया जाए। इन गतिविधियों का सोशल मीडिया के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार करने को कहा गया, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक मतदाता पंजीकरण से संबंधित जानकारी पहुंच सके।

उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने और पात्रता से जुड़े नियमों की जानकारी आम लोगों तक स्पष्ट रूप से पहुंचाई जाए, जिससे किसी तरह की भ्रम की स्थिति पैदा न हो।

ECINET ऐप और फॉर्म-6 के प्रति जागरूक होंगे युवा

के. रवि कुमार ने ECINET ऐप के माध्यम से पात्र युवाओं को फॉर्म-6 और घोषणा पत्र भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया। ELC पदाधिकारियों और समन्वयकों से कहा गया कि वे नागरिकों को ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया समझाएं और आवेदन भरने में आवश्यक मार्गदर्शन दें।

उन्होंने गलत सूचना और फेक न्यूज के प्रसार को रोकने के लिए भी तथ्यपरक जानकारी साझा करने की जरूरत बताई। मतदाता सूची में नाम शामिल करने की प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुरूप ही संचालित की जाएगी। किसी अपात्र व्यक्ति या विदेशी नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा।

बेहतर काम करने वाले ELC को मिलेगा सम्मान

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 25 जनवरी को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय मतदाता दिवस के कार्यक्रमों में जिला और राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले ELC को सम्मानित किया जाएगा। जिला स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले क्लबों को जिला स्तरीय कार्यक्रम में और राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले क्लबों को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में सम्मान मिलेगा।

राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ELC को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में झारखंड की ओर से नामित किए जाने की बात भी कही गई।

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर और सुनील कुमार सहित विभिन्न प्रमंडलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परियोजना पदाधिकारी, ELC समन्वयक और हेल्प डेस्क मैनेजर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments