चरही के 14 माइल और हथियारी मोड़ के पास लगाया गया था एम्बुश, 6-7 किलोमीटर पीछा करने के बाद डेमोटांड़ में पकड़ा गया ट्रक
अजय निराला | उज्ज्वल दुनिया संवाददाता
हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले में अवैध कोयला खनन और परिवहन के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने बड़ी कार्रवाई की है। CISF की एनटीपीसी-सीएमपी इकाई ने अवैध कोयला लदे एक टेलर ट्रक को जब्त किया है। ट्रक चालक कोयले के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने के उद्देश्य से CISF ने चरही थाना क्षेत्र के 14 माइल और हथियारी मोड़ के आसपास एम्बुश लगाया था। इसी दौरान 27 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे एम्बुश पार्टी की नजर अवैध कोयला लदे एक टेलर ट्रक पर पड़ी। इसके बाद तत्काल क्विक रिएक्शन टीम (QRT) को सूचना दी गई।
6-7 किलोमीटर पीछा कर डेमोटांड़ में पकड़ा गया ट्रक
सूचना मिलते ही CISF की क्विक रिएक्शन टीम ने ट्रक का पीछा शुरू किया। करीब 6 से 7 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के डेमोटांड़ स्थित गणपति धर्मकांटा के पास ट्रक को रोक लिया गया।
जांच के दौरान चालक को कोयले के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह आवश्यक कागजात नहीं दिखा सका। इसके बाद CISF ने कोयला लदे ट्रक को जब्त कर लिया। फिलहाल, जब्त वाहन को निर्धारित स्थान पर लाने की कार्रवाई की जा रही थी।
जोराकांठ में अवैध खनन की सूचना पर बढ़ाई गई थी सतर्कता
बताया गया है कि CISF को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि जोराकांठ क्षेत्र में अवैध रूप से कोयले का खनन किया जा रहा है। इसके बाद कोयले को चरही थाना क्षेत्र के दासोखाप, लोथरवा और पंद्रह माइल स्थित प्लांटों में भंडारित किए जाने की जानकारी भी सामने आई थी।
सूचना के अनुसार, कोयले के परिवहन के लिए नए रास्तों का इस्तेमाल किया जा रहा था। इसी इनपुट के आधार पर CISF ने संबंधित इलाकों में निगरानी बढ़ाई और एम्बुश लगाकर कार्रवाई की।
अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ अभियान जारी
CISF की इस कार्रवाई को अवैध कोयला खनन, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। सुरक्षा बल संबंधित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाकर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चला रहा है।

