नई दिल्ली: दिल्ली में शराब खरीदने वालों के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा शुरू की गई है। दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत ढांचा विकास निगम (DSIIDC) ने ‘Delhi Liquor Booking’ नाम से नया मोबाइल ऐप लॉन्च किया है। इसके जरिए ग्राहक अपनी पसंद के ब्रांड की उपलब्धता जांच सकते हैं, बोतल का आकार और मात्रा चुन सकते हैं और ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। हालांकि, इस सुविधा में शराब की होम डिलीवरी नहीं होगी। ग्राहकों को बुकिंग के बाद 48 घंटे के भीतर संबंधित दुकान पर जाकर अपना ऑर्डर लेना होगा।
फिलहाल 208 सरकारी दुकानों पर मिलेगी सुविधा
शुरुआत में ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा DSIIDC द्वारा संचालित दिल्ली की 208 शराब दुकानों पर उपलब्ध कराई गई है। ग्राहक ऐप के माध्यम से अपनी पसंद का ब्रांड और बोतल का साइज चुनने के साथ उपलब्ध स्टॉक की जानकारी भी ले सकते हैं।
ऑनलाइन भुगतान पूरा होने के बाद ग्राहक को एक क्यूआर कोड मिलेगा। दुकान पर पहुंचने के बाद इस कोड को दिखाना होगा, जिसे स्कैन और सत्यापित करने के बाद ऑर्डर सौंप दिया जाएगा। इस व्यवस्था का उद्देश्य दुकानों पर लगने वाली लंबी कतारों को कम करना और बिलिंग प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाना है।
25 साल या उससे अधिक उम्र के लोग कर सकेंगे बुकिंग
ऐप का इस्तेमाल करने के लिए ग्राहक की उम्र कम से कम 25 वर्ष होनी चाहिए। दिल्ली के आबकारी नियमों के तहत खरीदारी की निर्धारित सीमा भी लागू रहेगी। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, एक व्यक्ति अधिकतम 9 लीटर व्हिस्की और 18 लीटर बीयर खरीद सकता है।
ऑर्डर लेने के लिए मिलेंगे 48 घंटे
ऑनलाइन बुकिंग और भुगतान के बाद ग्राहकों को 48 घंटे के भीतर चुनी गई दुकान से शराब लेनी होगी। इस सुविधा में घर तक डिलीवरी की व्यवस्था नहीं है, इसलिए ऑर्डर लेने के लिए ग्राहक को खुद दुकान पर पहुंचना होगा।
ग्राहक ऑर्डर प्राप्त करने से पहले बुकिंग रद्द कर सकते हैं। हालांकि, शराब की बिक्री पूरी होने या उत्पाद प्राप्त करने के बाद उसे वापस करने का प्रावधान नहीं है।
फिलहाल सीमित दुकानों तक ही सुविधा
दिल्ली में सरकारी निगमों के 700 से अधिक शराब बिक्री केंद्र हैं, लेकिन नई ऑनलाइन बुकिंग सुविधा अभी केवल DSIIDC के 208 केंद्रों तक सीमित है। आगे इस सेवा का विस्तार ग्राहकों की प्रतिक्रिया और उपयोग के आधार पर किए जाने की बात सामने आई है।

