HomeBiharहरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में बिहार का युवक गिरफ्तार, फरार शूटर...

हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड में बिहार का युवक गिरफ्तार, फरार शूटर के नाम से चला रहा था फर्जी फेसबुक-इंस्टाग्राम ID

मधेपुरा/शामली: हरियाणवी गायक अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़े मामले में उत्तर प्रदेश की शामली पुलिस ने बिहार के एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि युवक ने हत्याकांड में फरार चल रहे शूटर सत्यम कादियान के नाम से फर्जी फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट बना रखे थे। इन अकाउंट के जरिए वह आरोपी के पुराने फोटो और वीडियो पोस्ट कर रहा था। पुलिस के अनुसार, उसका मकसद सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स और व्यूज बढ़ाना था। गिरफ्तार युवक की पहचान बिहार के मधेपुरा जिले के रतनपुरा गांव निवासी अंकित यादव के रूप में हुई है। उसे राजस्थान के श्रीगंगानगर से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट संचालित करने में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

फरार शूटर सत्यम के नाम से बनाई थी फर्जी ID

शामली पुलिस के मुताबिक, हरियाणवी गायक अंकित बालियान की हत्या के बाद सोशल मीडिया पर हत्याकांड से जुड़े आरोपियों के फोटो और वीडियो वायरल हो रहे थे। इसी दौरान सत्यम कादियान के नाम से फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी अकाउंट बनाए गए। इन अकाउंट पर सत्यम के पुराने फोटो और वीडियो अपलोड किए जा रहे थे। पुलिस को जानकारी मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। साइबर सेल और सर्विलांस टीम ने तकनीकी जांच के आधार पर फर्जी अकाउंट संचालित करने वाले युवक की पहचान की। पुलिस पूछताछ में अंकित यादव ने बताया कि हत्याकांड से जुड़े वीडियो और फोटो पर सोशल मीडिया पर काफी व्यूज मिल रहे थे। इससे प्रभावित होकर उसने भी सत्यम के नाम से फर्जी अकाउंट बनाए, ताकि उसके फॉलोअर्स और व्यूज बढ़ सकें।

राजस्थान के श्रीगंगानगर से हुई गिरफ्तारी

शामली पुलिस ने साइबर जांच और सर्विलांस के आधार पर आरोपी का पता लगाया। इसके बाद पुलिस टीम ने राजस्थान के श्रीगंगानगर में कार्रवाई कर अंकित यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाने और संचालित करने के लिए अपने परिवार के सदस्यों के नाम पर लिए गए मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया था। उसके कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। शामली के एसपी एनपी सिंह ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66C के तहत कार्रवाई की गई है।

26 अगस्त को हुई थी हरियाणवी गायक की हत्या

गौरतलब है कि 26 अगस्त 2026 को उत्तर प्रदेश के शामली में हरियाणवी गायक अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में पुलिस ने कई आरोपियों को चिह्नित किया है। पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को मुठभेड़ में दो शूटर मोहित और सुमित मारे गए थे। वहीं, सत्यम कादियान और आर्यन संधू समेत कुछ आरोपी फरार चल रहे हैं। पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम भी घोषित किया है। हत्याकांड में अब तक 17 आरोपियों के नाम सामने आने की जानकारी पुलिस ने दी है।

मृतक की पत्नी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

इस बीच मृतक अंकित बालियान की पत्नी सीमा ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पति की हत्या के मामले में मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी हो रही है और परिवार को जांच की प्रगति की जानकारी नहीं मिल रही है। सीमा ने कहा कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलता, वह अपनी लड़ाई जारी रखेंगी। वहीं, पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments