HomeBreaking Newsगैंगस्टर प्रिंस खान का भाई बंटी कोलकाता से गिरफ्तार, दुबई भागने की...

गैंगस्टर प्रिंस खान का भाई बंटी कोलकाता से गिरफ्तार, दुबई भागने की साजिश नाकाम

वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के भाई बंटी खान को धनबाद पुलिस ने पश्चिम बंगाल पुलिस के सहयोग से कोलकाता से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, बंटी खान जाली पासपोर्ट बनवाकर देश छोड़कर अपने फरार भाई प्रिंस खान के पास विदेश भागने की फिराक में था, लेकिन धनबाद पुलिस ने समय रहते उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया। गिरफ्तारी के बाद उसे धनबाद लाया गया है, जहां उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने उसके कब्जे से पासपोर्ट और वीजा बरामद किए हैं।

धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि बंटी खान कोलकाता में छिपा हुआ है और फर्जी पासपोर्ट के जरिए देश छोड़ने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने बिना देर किए कोलकाता में छापेमारी की और सटीक कार्रवाई करते हुए बंटी खान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि वह कोलकाता से अंतरराष्ट्रीय उड़ान के जरिए दुबई जाने की कोशिश में था।

बंटी खान इसी साल जनवरी में करीब चार साल जेल में रहने के बाद जमानत पर बाहर निकला था। वह धनबाद के चर्चित नन्हें हत्याकांड समेत एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामलों में आरोपी है। जेल में बंद रहने के दौरान भी उसके खिलाफ कई नए मामले दर्ज हुए थे। बाद में अलग-अलग मामलों में एक-एक कर जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर आया। 24 नवंबर 2021 को नया बाजार निवासी महताब आलम उर्फ नन्हें की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड की जिम्मेदारी खुद फरार गैंगस्टर प्रिंस खान ने ली थी। इसके बाद पुलिस ने प्रिंस खान और उसके नेटवर्क पर शिकंजा कसना शुरू किया था।

मार्च 2022 में पुलिस ने बंटी खान को उसके दो साथियों के साथ उत्तर प्रदेश के एक रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद वह लगातार जेल में बंद रहा। कुछ महीने पहले उसे धनबाद जेल से मधुपुर जेल शिफ्ट किया गया था और वहीं से वह जमानत पर बाहर निकला। जेल से बाहर आने के बाद से ही पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वह जाली पासपोर्ट बनाकर देश छोड़ने की तैयारी कर रहा है। फिलहाल धनबाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में फरार गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके पूरे नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments