रांची। मधुपुर से जेएमएम विधायक और झारखंड सरकार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी का रांची के मेदांता अस्पताल में शनिवार को दिन में निधन हो गया।वे राज्य हज कमेटी के भी चेयरमैन थे। कोरोना पॉजिटिव होने के बाद मेदांता में भर्ती हुए थे । हालांकि शुक्रवार को उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। वे झारखंड सरकार में चार बार मंत्री रहे। जेएमएम सुप्रीमो शिबू सोरेन के बेहद करीबी थे।
73 वर्षीय हाजी हुसैन 23 सितम्बर को मेदांता में एडमिट हुए थे। 2002 में वे झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रहे। उनके हार्ट का आपरेशन हुआ था।1995,2000, 2010 और 2019 में मधुपुर से विधायक चुने गए थे। आज दिन में करीब साढ़े तीन बजे रांची के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांसें लीं।
किसने क्या कहा?
हाजी हुसैन अंसारी साहब का अलग झारखंड के संघर्ष में बड़ा योगदान – हेमंत सोरेन
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखण्ड के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदरणीय हाजी हुसैन अंसारी साहब जी के निधन से अत्यंत आहत हूँ। हाजी साहब ने झारखण्ड आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाई थी। वे सरल स्वभाव वाले जन नेता थे। परमात्मा हाजी साहब की आत्मा को शांति प्रदान करें एवं परिजनों को दुःख की इस घड़ी को सहन करने की शक्ति दे ।
हाजी हुसैन अंसारी जी के निधन से मर्माहत हूँ – शिबू सोरेन
स्व०हाजी हुसैन अंसारी सर्वसुलभ जन प्रिय नेता होने के साथ-साथ मेरे प्रिय साथी भी थे। संगठन एवं जनहित के मुद्दों को लेकर हमेशा सजग रहने वाला झारखंड के सच्चा नेता आज हमारे बीच नहीं है। स्व०अंसारी का निधन हमारी पार्टी के लिए अपूर्णीय क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना करता हूँ की उनके शोक संतप्त परिवार जनों, समर्थकों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को सहनशक्ति प्राप्त हो तथा दिवंगत आत्मा को शांति प्राप्त हो।
हाजी हुसैन अंसारी साहब का निधन पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति – सुप्रियो भट्टाचार्य
हाजी साहब का संपूर्ण जीवन सरल, सहज एवं सादा रहा है। वह पार्टी के अभिभावक एवं नेता होते हुए भी सबके लिए सहज उपलब्ध रहते थे। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है। मैंने अपना अभिभावक खोया है और समाज ने सही मायने में एक सच्चा इंसान को खोया है। उनके निधन को सहने की शक्ति उनके परिवारजनों सहित उनके समर्थक एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को, ईश्वर प्रदान करें।
हमें हाजी साहब से राजनीतिक प्रेरणा मिलती रहेगी- विनोद पांडे
हाजी हुसैन अंसारी जी की मृत्यु से शोक संतप्त हूँ। “सादा जीवन-उच्च विचार” के सिद्धांत पर चलने वाले स्व० हाजी हुसैन अंसारी का सम्पूर्ण जीवन आम जनों के लिए ही समर्पित रहा। स्व०हाजी हुसैन अंसारी पार्टी जी के लंबे राजनैतिक जीवन से हमे प्रेरणा मिलती रहेगी।ईश्वर स्व०हाजी हुसैन अंसारी जी के आत्मा की शांति एवं दुःख के इस घड़ी में उनके परिजनों, समर्थकों को सहन शक्ति प्राप्त करे।
ईश्वर परिवार को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे- अभिषेक प्रसाद
मुख्यमंत्री के प्रेस सलाहकार अभिषेक प्रसाद ने झारखण्ड के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री हाजी हुसैन अंसारी जी के निधन पर शोक प्रकट किया है। अभिषेक प्रसाद ने कहा कि उनका निधन सम्पूर्ण झारखण्ड के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई नहीं हो सकती है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और परिजनों को इस अपार दुःख को सहने की शक्ति प्रदान करें।