रांची। राजधानी रांची में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार, 25 अगस्त को विशेष चेकिंग अभियान चलाया। शहर के सभी यातायात थाना क्षेत्रों में चार पहिया, दो पहिया, ऑटो और टोटो वाहनों की सघन जांच की गई।
अभियान की प्रमुख बातें
- विशेष अभियान के दौरान 3116 वाहनों के चालान काटे गए।
- बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 1311 चालान किए गए।
- नो पार्किंग और सड़क पर वाहन खड़ा करने के मामले में 1291 चालान काटे गए।
- ओवरस्पीडिंग के 202 मामले पकड़े गए।
- रेड लाइट का उल्लंघन करने पर 129 चालान किए गए।
- गलत दिशा में वाहन चलाने पर 42 चालान काटे गए।
- बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने पर 22 चालान किए गए।
अन्य यातायात उल्लंघनों पर भी कार्रवाई
चेकिंग अभियान के दौरान ट्रिपल राइडिंग, बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने, शराब के नशे में ड्राइविंग, फैंसी नंबर प्लेट, ब्लैक फिल्म, प्रेशर हॉर्न और प्रदूषण प्रमाणपत्र नहीं होने जैसे मामलों में भी पुलिस ने कार्रवाई की।
अगस्त में अब तक 77,403 चालान
रांची ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 1 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक मोटरयान अधिनियम के तहत कुल 77,403 चालान जारी किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
दूसरे वाहन का नंबर लगाया तो होगी FIR
रांची यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से मोटरयान अधिनियम का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने खास तौर पर चेतावनी दी है कि कोई भी चालक अपने वाहन पर दूसरे वाहन का नंबर लगाकर परिचालन न करे। ऐसा करते पकड़े जाने पर वाहन को जब्त किया जाएगा। साथ ही चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।

