बोकारो हवाई अड्डे से उड़ान सेवा शुरू करने की मांग तेज, जनजागरण अभियान जारी
बोकारो : बोकारो हवाई अड्डे से शीघ्र हवाई सेवा शुरू करने की मांग को लेकर राष्ट्र भक्त समाज का जनजागरण अभियान लगातार जारी है। संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष एवं सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में चल रहे इस अभियान को विभिन्न वर्गों के लोगों का समर्थन मिल रहा है।
धर्मवीर सिंह ने कहा कि बोकारो की जनता वर्षों से हवाई सेवा शुरू होने का इंतजार कर रही है, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं। उन्होंने केंद्र सरकार, राज्य सरकार, जिला प्रशासन तथा बोकारो प्रबंधन से सवाल करते हुए कहा कि आखिर बोकारो हवाई अड्डे से नियमित उड़ान सेवा कब शुरू होगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि बोकारो हवाई अड्डा “आश्वासनों का अड्डा” बनकर रह गया है। उनका कहना था कि हवाई सेवा शुरू होने से जिले के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक, चिकित्सा और व्यापारिक विकास को नई गति मिलेगी तथा आम लोगों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा।
धर्मवीर सिंह ने कहा कि जब तक बोकारो हवाई अड्डे से उड़ान सेवा शुरू नहीं हो जाती, तब तक राष्ट्र भक्त समाज का जनजागरण अभियान संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा।
इस अवसर पर पूर्व अधिकारी राजेंद्र राय, अजीत बरनवाल, अमिताभ गुप्ता, राजेश पांडेय, रणधीर कुमार, उमेश कुमार, पंकज कुमार, अभिषेक श्रीवास्तव, दीपू मुखर्जी, बादल पांडेय सहित अन्य लोग उपस्थित थे.
Leave a Reply