जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र से आई इस खबर ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। गांव के खेतों में एक महिला का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ, जिसे देखकर हर किसी की रूह कांप उठी। पुलिस के मुताबिक, महिला के साथ पहले दुष्कर्म किया गया, फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान पुष्पा भूमिज के रूप में हुई है, जो बीते दो-तीन दिनों से लापता थी।
गांववालों का कहना है कि पुष्पा अचानक गायब हो गई थी, लेकिन किसी को अंदेशा नहीं था कि उसकी लाश खेतों में मिलेगी। घटना की सूचना मिलते ही परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है, लेकिन अभी तक अपराधियों का कोई सुराग नहीं मिला है।
गांव में पसरा मातम, परिजनों की चीखों से गूंज उठा माहौल
घटना के बाद गांव में मातम पसर गया है। पुष्पा के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनकी चीखें दिल दहलाने वाली हैं। ग्राम प्रधान अजीत भूमिज ने बताया कि पुष्पा के लापता होने की खबर पहले भी पुलिस को दी गई थी, लेकिन अब जब उसकी लाश मिली है, तो गांव के लोग दहशत में हैं।
क्या दरिंदे अब भी खुलेआम घूम रहे हैं?
इस जघन्य अपराध ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर कब तक बेटियां ऐसे वहशियों का शिकार बनती रहेंगी? क्या प्रशासन दोषियों को पकड़ने में कामयाब होगा या फिर यह मामला भी अन्य मामलों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाएगा?
झारखंड में बढ़ते अपराध और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर अब एक बार फिर बहस छिड़ गई है। क्या पीड़िता को न्याय मिलेगा, या फिर यह भी उन अनगिनत मामलों की तरह धुंधला हो जाएगा, जिनमें इंसाफ की गुहार लगाते-लगाते परिजन भी थक जाते हैं?