Wednesday 2nd of April 2025 03:32:35 PM
HomeElectionराजकीय बंशीधर महोत्सव-2025: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने किया उद्घाटन, गढ़वा जिले को...

राजकीय बंशीधर महोत्सव-2025: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने किया उद्घाटन, गढ़वा जिले को 183 करोड़ की योजनाओं की सौगात

गढ़वा जिले के नगरऊंटारी में आयोजित राजकीय बंशीधर महोत्सव-2025 का भव्य शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लगभग 183 करोड़ रुपये लागत राशि की 27 विकास योजनाओं की सौगात दी, जिससे जिले के बुनियादी ढांचे, पर्यटन, जल आपूर्ति, खेल और महिला सशक्तिकरण को बल मिलेगा।

श्री बंशीधर महोत्सव को मिला राजकीय महोत्सव का दर्जा

मुख्यमंत्री ने कहा कि बंशीधर महोत्सव को राजकीय महोत्सव घोषित करने का निर्णय झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने के लिए लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव आने वाले वर्षों में राज्य की गौरवशाली परंपरा को विश्व पटल पर पहुंचाने का कार्य करेगा।

राज्यवासियों के उत्थान हेतु विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार आने वाले वर्षों में विकास योजनाओं की व्यापक रूपरेखा तैयार कर रही है। विधानसभा सत्र में बजटीय प्रावधानों को पारित कर इन योजनाओं को धरातल पर उतारा जाएगा।

झारखंड की नारी शक्ति को सम्मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है। महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने हेतु विशेष योजनाएं लागू की जा रही हैं।

जल संकट से उबरेगा पलामू प्रमंडल

पलामू प्रमंडल में जल संकट दूर करने के लिए कनहर परियोजना को शीघ्र पूर्ण किया जाएगा, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए जल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

धार्मिक स्थलों को पर्यटन केंद्र के रूप में किया जाएगा विकसित

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में मौजूद महत्वपूर्ण धार्मिक स्थलों को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना बनाई जा रही है। इससे राज्य की सांस्कृतिक धरोहर को मजबूती मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा।

प्रत्येक सेक्टर में प्रतिबद्धता के साथ हो रहा है कार्य

राज्य सरकार बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, कृषि समेत सभी क्षेत्रों में तेजी से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विगत पांच वर्षों में राज्य में जो बदलाव देखने को मिला है, वह अभूतपूर्व है।

8 योजनाओं का शिलान्यास, 19 योजनाओं का उद्घाटन

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 45 करोड़ 88 लाख रुपये की लागत से 8 योजनाओं की आधारशिला रखी तथा 136 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत की 19 योजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें भंडरिया, रंका, धुरकी, चिनियाँ, रमकंडा और गढ़वा में मल्टीपरपस इनडोर स्टेडियम सहित विभिन्न बुनियादी विकास परियोजनाएं शामिल हैं।

इस अवसर पर विधायक श्री अनंत प्रताप देव, श्रीमती कल्पना सोरेन, श्री नरेश प्रसाद सिंह, पूर्व मंत्री श्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, आईजी पलामू श्री सुनील भास्कर, डीआईजी श्री वाई. एस. रमेश, उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक तथा अन्य गणमान्य अतिथि और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments