रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इस साल भारत का दौरा करेंगे। रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि यात्रा की तैयारियां की जा रही हैं। हालांकि, उन्होंने अभी तक इसकी सटीक तारीखों की घोषणा नहीं की है।
यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब रूस और भारत के बीच आर्थिक और सैन्य सहयोग को लेकर कई अहम मुद्दों पर चर्चा जारी है। 2021 में अपनी आखिरी भारत यात्रा के दौरान, पुतिन महज 4 घंटे के लिए आए थे, लेकिन इस दौरान भारत और रूस के बीच 28 महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर हुए थे।
यूक्रेन युद्ध की शुरुआत के बाद यह पुतिन की पहली भारत यात्रा होगी। उम्मीद की जा रही है कि इस दौरे में दोनों देश 2030 तक के लिए नए आर्थिक रोडमैप को अंतिम रूप देंगे। भारत और रूस ने अपने द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाकर 100 अरब डॉलर सालाना तक ले जाने का लक्ष्य रखा है, जो फिलहाल 60 अरब डॉलर के आसपास है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2024 में दो बार रूस का दौरा किया था। उन्होंने पुतिन को भारत आने का निमंत्रण दिया था। अब रूस ने इस आमंत्रण को स्वीकार कर लिया है।
हालांकि, पुतिन की अंतरराष्ट्रीय यात्राएं सीमित रही हैं। मार्च 2023 में इंटरनेशनल क्रिमिनल कोर्ट (ICC) ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था, जिसके बाद उन्होंने कई वैश्विक सम्मेलनों में भाग नहीं लिया। लेकिन अब भारत यात्रा को लेकर उनकी सहमति दोनों देशों के रिश्तों को और मजबूत करने की ओर इशारा करती है।