सिंगापुर से किडनी का इलाज कर वापर लौटे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव महागठबंधन की महारैली को सम्बोधित करने के लिए पहली बार सार्वजनिक हुए। उन्होंने वर्चुअली महारैली को सम्बोधित किया जो कि पूर्णिया में आयोजित की गयी। पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में महागठबंधन की महारैली को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए लालू यादव ने कहा कि हम लोगों को मिलकर पहले लोकतंत्र को बचाना है। जब लोकतंत्र बचेगा तभी राजनीति होगी।
लालू ने किया भाजपा पर प्रहार
लालू यादव ने कहा कि भाजपा पार्टी नहीं, वह तो आरएसएस का मुखौटा है। आरएसएस जो कहता है, वही नरेंद्र मोदी करते हैं। इसलिए भारत को बचाने के लिए सभी पार्टियों को एकजुट हो जाना है। उन्होंने कहा कि हम और नीतीश एक हो गए हैं। आप सब भी एक हो जाइये, देश और संविधान बचाइये। आज पूर्णिया में संकल्प लीजिए कि किसी के बहकावे में नहीं आकर 2024 के चुनाव में इतिहास बनायेंगे।
बता दें, पूर्णिया में महागठबंधन की जो महारैली आयोजित की गयी उसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी सहित कांग्रेस, भाकपा, भाकपा माले, माकपा और हिन्दुस्तानी अवामी मोर्चा के नेता, राजद और जदयू के पदाधिकारी, विधायक, सांसद और सरकार के मंत्री मौजूद थे।