a
जमशेदपुर के मानगो के नीलगिरी कालोनी की मुख्य सड़क पर 15 दिनों से सैकड़ों लीटर पानी बह रहा है। नवरात्र पर कालोनीवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसकी शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या के निदान के लिए अब तक कोई पहल नहीं की गई।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : मानगो नगर निगम क्षेत्र के नीलगिरी कालोनी के मुख्य सड़क पर मानगो जलापूर्ति योजना के तहत बिछाए गए पाइप लाइन फट जाने के कारण बीते कई दिनों से धाराप्रवाह पानी बह रहा है। स्थानीय निवासी गोपाल यादव ने बताया कि 15 दिन से अधिक हो गया पानी बहते हुए। स्थानीय लोग सोचते थे कि आज बन जाएगा कल बन जाएगा। लोगों ने इसकी सूचना पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के पदाधिकारियों को भी दिया, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। पानी बहने के कारण सड़क पर गड्ढा हो गया है और पानी जम गया है। विभाग ने स्थानीय लोगों की बात को नहीं सुनी तब लोगों ने भाजपा नेता विकास सिंह को बुलाकर समस्या से अवगत कराया। लोगों ने विकास सिंह को बताया कि हिंदुओं का पवित्र त्यौहार नवरात्र आरंभ हो गया है, लेकिन सड़क पर इतना गंदा और बदबूदार पानी धाराप्रवाह बह रहा है कि लोग अपने घर में दुर्गा मां का पाठ भी नहीं रख पा रहे हैं। लोग अपने रिश्तेदार के घर में जाकर पूजा पाठ करने को मजबूर हो गए। विकास सिंह ने पूरे मामले की वीडियोग्राफी कराकर उपायुक्त विजया जाधव को भेजने की बात कही। ताकि जल्द से जल्द लोगों की समस्या का सामाधान हो सके। स्थानीय लोगों ने बताया कि मोटरसाइकिल या साइकिल से चलना लोगों के लिए खतरा बन गया है। बस्ती में दुर्घटनाएं आम बात हो गई है। पैदल चलने से पूरा कपड़ा खराब हो जा रहा है। विकास सिंह ने संबंधित विभाग व प्रशासन से कहा है कि यदि 24 घंटे में समस्या का समाधान नहीं होगा तो स्थानीय लोगों के साथ पानी की बर्बादी रोकने के लिए पेयजल स्वच्छता विभाग के कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्य रूप से विकास सिंह, गोपाल यादव, शिव साहू, मननदेव सिंह, मधुर जोशी, संजय कुमार, रितेश, सुरेश कुमार, निखिल सिन्हा, कुमार स्वामीजल, हेमंत गोराई, सुरेंद्र प्रसाद आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।
Copyright © 2022 Jagran Prakashan Limited.