Tuesday 17th of June 2025 08:56:33 AM
HomeBreaking Newsचंपाई सोरेन ने भाजपा में शामिल होने के बाद भरी हुंकार, कहा-...

चंपाई सोरेन ने भाजपा में शामिल होने के बाद भरी हुंकार, कहा- सिद्धो कान्हू के खून की बूंद उनके अंदर, झारखंड को बचा कर दिखाएंगे

चंपाई सोरेन ने भाजपा में शामिल होने के बाद भरी हुंकार, कहा- सिद्धो कान्हू के खून की बूंद उनके अंदर, झारखंड को बचा कर दिखाएंगे

रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो के पूर्व नेता चंपाई सोरेन ने भाजपा में शामिल होकर राज्य की राजनीति में एक नई करवट ली है। चंपाई सोरेन के साथ उनके पुत्र बाबूलाल सोरेन भी भाजपा में शामिल हुए हैं। इस मौके पर आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में चंपाई सोरेन ने हजारों समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थामा।

चंपाई सोरेन ने अपने संबोधन में झामुमो पर जमकर निशाना साधा और पार्टी के खिलाफ अपने तीखे विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा, “हमने सन्यास लेने का फैसला किया था, लेकिन झारखंड की जनता ने हमें सन्यास लेने से मना कर दिया। जनता ने हमें संघर्ष में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। हमारे पास कई रास्ते थे, लेकिन हमने राज्य की प्रगति के लिए नए साथी के साथ मिलकर काम करने का निर्णय लिया।”

सोरेन ने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली में उनके खिलाफ जासूसी की गई और इसके बाद से उनका गुस्सा और भी बढ़ गया। उन्होंने कहा, “अब हम चुनाव में जाकर सबक सिखाएंगे।”

गुआ कांड को लेकर चंपाई सोरेन ने कांग्रेस पर आरोप लगाया, “झारखंड आंदोलन के समय सबसे अधिक गोली कांग्रेस पार्टी ने चलवाई थी। गुआ कांड में कांग्रेस ने आदिवासियों पर गोली चलवाई थी। यही कारण है कि मैंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया।”

झारखंड के भविष्य पर चर्चा करते हुए सोरेन ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र विकल्प है जो राज्य को बचा सकती है। “संथाल परगना और झारखंड को बचाना है तो भाजपा ही सही विकल्प है। सिद्धो कान्हू ने कभी गुलामी सहना नहीं सिखाया। उनके खून की एक बूंद मेरे अंदर है। हम झामुमो को दिखाएंगे कि कैसे घुसपैठ को रोका जाता है।”

चंपाई सोरेन ने अपने भाषण के अंत में ‘जय श्रीराम’ और ‘जय झारखंड’ के नारे लगाते हुए भाजपा के साथ मिलकर झारखंड की प्रगति का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होने के बाद उन्हें सम्मान मिला है और अब वे राज्य को संवारने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments