दो बच्चों साथ बेघर हुई महिला को घर में पुनः स्थापित करने को पहुंचा था प्रशासन
महिला ने खुद पर भी किरोसिन उड़ेल आत्मदाह का किया प्रयास
घर में कब्जा किए परिजनों ने किया जमकर विरोध, दंडाधिकारी व महिला पुलिस पर महिला ने फेंका मिट्टी का तेल
उज्ज्वल दुनिया संवाददाता/ बरही। बरही के लोहारटोली में एक महिला ने शुक्रवार को महिला मजिस्ट्रेट और पुलिसकर्मी पर किरोसिन छिड़क माचिस से जिंदा जलाने का प्रयास किया। वहीं खुद के शरीर पर भी मिट्टी तेल छिड़क कर आत्मदाह की कोशिश की। जानकारी के मुताबिक बरही थाना अंतर्गत लोहार टोली में एक महिला मुन्नी देवी एवं उनके दोनों बच्चों को बेघर कर उस घर में कब्जा किए श्रीनगर गांव के एक परिवार को घर खाली कराने के लिए शुक्रवार की सुबह 10 बजे बरही प्रशासन दल बल के साथ वहां पहुंचा। मौके पर विवादित घर में कब्जा कर रहे श्रीनगर गांव के निवासी महादेव यादव की पत्नी एवं बहू को घर से निकाल कर प्रशासन ने घर पर ताला जड़ दिया। कार्रवाई एसडीएम बरही के निर्देश पर कार्यपालक दंडाधिकारी नाजिया फिरोज, बरही सीओ ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव, थाना प्रभारी उत्तम कुमार तिवारी ने किया। कार्रवाई में कई महिला पुलिस और हजारीबाग जिला से अतिरिक्त पुलिस मंगवाया गया था। मौके पर मौजूद मजिस्ट्रेट के रूप में उपस्थित कार्यपालक दंडाधिकारी नाजिया अफरोज व सीओ ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बरही अनुमंडल न्यायालय में 145 का मामला चल रहा है। उसी के आलोक में एसडीएम के आदेशानुसार उक्त मकान में मुन्नी देवी एवं उनके दोनों बच्चों को पुनः स्थापित करने की कार्रवाई की जा रही है। इधर प्रशासन को देख घर में कब्जा किए महादेव यादव की पत्नी व बहू ने घर का दरवाजा खोलने से इंकार किया। प्रशासन विवादित घर के बाहर खड़ा होकर घर के अंदर मौजूद महादेव यादव की पत्नी और बहू को मकान का दरवाजा खोलने और मकान खाली करवाने का प्रयास करता रहा। किंतु जब महादेव यादव की पत्नी एवं बहू ने घर का दरवाजा खोलने से इंकार किया, तो प्रशासन बाध्य होकर गैस कटर लगाकर दरवाजे के मुख्य कुंडली को काटकर घर के अंदर प्रवेश कर काफी मशक्कत बाद घर से दोनों को बाहर कर घर के मुख्य दरवाजे पर ताला जड़ दिया।
महिला मजिस्ट्रेट और महिला पुलिसकर्मियों पर छिड़का मिट्टी का तेल
मशक्कत के बाद जब दरवाजा खोल कर महिला मजिस्ट्रेट नाजिया अफरोज और कुछ महिला पुलिसकर्मियों ने घर के अंदर प्रवेश किया, तो वहां मौजूद महादेव यादव की बहू जमकर विरोध करते हुए मिट्टी का तेल उपस्थित कार्यपालक दंडाधिकारी नाजिया अफरोज और महिला पुलिसकर्मियों पर छिड़क दिया। साथ ही उसने अपने बदन पर भी मिट्टी का तेल छिड़ककर माचिस मारने की कोशिश की। जिसे उपस्थित महिला पुलिस कर्मियों ने पकड़ लिया। मौके पर महादेव यादव की पत्नी व बहू को बरही थाना लाया गया। बरही थाने में उक्त सास बहू को समझाने बुझाने के बाद उसने पैतृक आवास श्रीनगर भेजा गया। कार्यपालक दंडाधिकारी ने बताया कि मकान खाली करवाने जब अंदर प्रवेश किए तो उन पर एवं मौजूद महिला पुलिसकर्मियों मिट्टी का तेल फेंका गया। इस संबंध में वे अपनी कार्रवाई रिपोर्ट में लिखेंगे। वहीं घर खाली करवाने पहुंचे प्रशासन को काफी मशक्कत उठानी पड़ी। महादेव यादव के परिजन व शुभचिंतकों को जब जानकारी मिली तो उस घर के पास भारी संख्या में पहुंच गए और प्रशासनिक कार्रवाई पर विरोध जताना शुरू किया। किन्तु प्रशासन ने मशक्कत के साथ लोगों को समझाते हुए अपनी कार्रवाई की।
क्या है मामला
बरही लोहारटोली निवासी इंदर विश्वकर्मा की पत्नी मुन्नी देवी और उसके छोटे-छोटे दो बच्चों को श्रीनगर गांव के महादेव यादव और उनके परिजनों ने खुद को घर का मालिक बताते हुए पिछले 12 अक्तूबर को जबरन घर से बाहर कर दिया। यहां तक की पीड़िता के घर में रखा उसका सारा सामान भी बाहर फेंक दिया, जिसके कारण मुन्नी देवी और उसके दोनों बच्चे सड़क पर आ गए। बेघर हुई मुन्नी देवी ने बरही थाना में इस बाबत कांड संख्या 397/20 दर्ज करवायी है। इसमें श्रीनगर गांव के महादेव यादव, उनका पुत्र संतोष यादव, उनकी पत्नी व बहु एवं एक अन्य पर प्राथमिकी दर्ज करवायी है। वहीं न्यायालय अनुमंडल दंडाधिकारी, बरही में भी वाद दायर किया गया। स्थानीय प्रशासन ने बेघर हुई मुन्नी देवी और उसके दोनों बच्चों को बरही के एक होटल में ठहराया है। वहीं बेघर करने व महिला साथ छेड़खानी करने के आरोप में श्रीनगर ग्राम निवासी महादेव यादव व उनके पुत्र संतोष यादव को घटना के दूसरे दिन जेल भेजा। वहीं घर खाली करवाने के लिए न्यायालय अनुमंडल दंडाधिकारी बरही द्वारा एक नोटिस दिया गया। साथ ही 48 घंटे के अंदर मकान खाली करवाने को लेकर पिछले 31 अक्तूबर को विवादित घर के बाहर एक नोटिस भी चिपकाया गया। किंतु महादेव यादव व उनके परिजनों द्वारा मकान खाली नहीं किया गया था।