कश्मीर के कुलगाम जिले में वेस बटपोरा इलाके के पास सोमवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरु हो गई। सुरक्षाबलों ने आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद के एक आतंकी को मार गिराया। एनकाउंटर में सेना का एक जवान और 2 नागरिक भी घायल हो गए हैं। सुरक्षाबलों को इलाके में 2 आतंकियों के छिपे होने की खबर मिली थी। इसके बाद पुलिस ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, इसी दौरान आतंकियों ने उनपर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके जवाब में सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू की।
इससे पहले 25 सितंबर को भी कुपवाड़ा में माछिल इलाके के एलओसी टेकरी नर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। जिसमें सुरक्षाबलों ने 2 आतंकियों को मार गिराया था। आतंकियों के पास से दो एके-47, दो पिस्टल और चार हैंड ग्रेनेड बरामद हुए थे। इसके बाद इलाके में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
आज की अन्य बड़ी खबरें…
साउथ अफ्रीका सीरीज से बाहर हुए हार्दिक पंड्या और दीपक हुड्डा, श्रेयस-शहबाज को मौका
साउथ अफ्रीका सीरीज से हार्दिक पंड्या और दीपक हुड्डा बाहर हो गए हैं। हार्दिक को आराम दिया गया है। वहीं, दीपक चोट के कारण बाहर हुए हैं। पंड्या की जगह शहबाज अहमद और दीपक की जगह श्रेयस अय्यर को मौका मिला है।
PAK आर्मी का हेलिकॉप्टर क्रैश, 2 मेजर समेत 6 की मौत; 2 महीने में एक ही राज्य में ऐसा दूसरा हादसा
पाकिस्तान आर्मी का एक हेलिकॉप्टर बलूचिस्तान में क्रैश हो गया। इसमें 2 मेजर समेत कुल 6 सैनिकों की मौत हो गई। खास बात यह है कि 1 अगस्त को इसी इलाके में फौज का एक और हेलिकॉप्टर क्रैश हुआ था। उसमें भी दो अफसरों समेत कुल 6 सैनिकों की मौत हुई थी। ताजा हादसा रविवार रात हुआ।
पाकिस्तानी फौज ने सोमवार दोपहर इस बारे में जानकारी दी। बलूचिस्तान में पाकिस्तानी फौज पर अक्सर हमले होते रहते हैं। इसलिए कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में इसे हादसा मानने पर सवाल भी उठाए जा रहे हैं। बलूचिस्तान के लोग पाकिस्तान से आजादी की मांग कर रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर…
सरकार ने 10 यूट्यूब चैनलों से 45 वीडियो ब्लॉक किए, फेक न्यूज के जरिए खराब कर रहे थे माहौल
खुफिया एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने यूट्यूब को 10 यूट्यूब चैनलों से 45 वीडियो को ब्लॉक करने का निर्देश दिया है। मंत्रालय के अनुसार, फेक न्यूज और मॉफ्ड वीडियो के जरिए पड़ोसी देशों के साथ संबंधों को खराब कर रहे थे। इन वीडियो को 1 करोड़ 30 लाख से ज्यादा बार देखा गया था। पढ़ें पूरी खबर…
प्रधानमंत्री मोदी टोक्यो रवाना, कल शिंजो आबे के स्टेट फ्यूनरल में शामिल होंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार शाम जापान की राजधानी टोक्यो के लिए रवाना हो गए। मंगलवार सुबह 10 बजे (भारतीय समयानुसार) वो जापान के दिवंगत प्रधानमंत्री शिंजो आबे के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होंगे। अंतिम संस्कार की रस्में पूरी होने के बाद मोदी जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा से मुलाकात करेंगे।
शिंजो की 8 जुलाई को जापान के नोरा शहर में एक बंदूकधारी ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पारिवारिक तौर पर उनका अंतिम संस्कार 12 जुलाई को कर दिया गया था। 27 सितंबर को उन्हें प्रतीकात्मक तौर राजकीय अंतिम विदाई दी जाएगी। 217 देशों के राष्ट्राध्यक्ष या प्रतिनिधि इसमें शामिल होंगे।
NIA कोर्ट में PFI से जुड़े 19 आरोपियों की पेशी, रिमांड 5 दिन और बढ़ी
NIA कोर्ट ने PFI (पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया) से जुड़े 19 आरोपियों की रिमांड 5 दिन और बढ़ा दी है। इन्हें 4 दिन की रिमांड खत्म होने के बाद कोर्ट में पेश किया गया था। 22 सितंबर को 11 राज्यों में NIA, ED और पुलिस की जॉइंट टीम ने रेड के दौरान PFI के 106 सदस्यों को गिरफ्तार किया था।
नेपाल के माउंट मानसलू में एवलांच से 2 की मौत, 12 घायल
नेपाल के माउंट मानसलू में एवलांच से कम से कम 2 पर्वतारोहियों की मौत हो गई है, जबकि 12 लोग घायल हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दो लोगों की हालात गंभीर है। अधिकारियों ने बताया कि बचाव और तलाशी अभियान जारी है। पढ़े पूरी खबर…
केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को SC से भी राहत नहीं, अवैध निर्माण को गिराया जाएगा
केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को सुप्रीम कोर्ट से भी राहत नहीं मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने उनकी वह याचिका खारिज कर दी, जिसमें ‘आदिश बंगले’ में अवैध निर्माण को तोड़ने के मुंबई होईकोर्ट के आदेश को रोकने की मांग की गई थी। कोर्ट के फैसले के मुताबिक केंद्रीय मंत्री नारायण राणे को अगले दो महीने में खुद ही अवैध निर्माण को गिराना होगा, नहीं तो BMC इमारत को तोड़ेगी।
मैसूर में राष्ट्रपति मुर्मू ने की दशहरा महोत्सव की शुरुआत, 10 दिनों तक चलेगा ‘नादा हब्बा’
राष्ट्रपति मुर्मू ने मैसूर में दशहरा उत्सव ‘नादा हब्बा’ की शुरुआत की। 10 दिनों तक चलने वाले यह प्रसिद्ध दशहरा उत्सव सोमवार को धार्मिक और पारंपरिक उत्साह के साथ शुरू हुआ। कोरोना के कारण पीछले दो सालों से इस उत्सव को नहीं मनाया गया, लेकिन इस साल नादा हब्बा को धूमधाम से मनाया जाएगा।
गुलाम नबी ने नई पार्टी का ऐलान किया, उर्दू-संस्कृत के 1500 नामों में से चुना डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी
नवरात्रि के पहले दिन जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम और पूर्व कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने अपनी पार्टी का ऐलान कर दिया है। उन्होंने अपनी पार्टी का नाम डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी रखा है। आजाद ने बताया- मेरी नई पार्टी के लिए लगभग 1,500 नाम हमें उर्दू, संस्कृत में भेजे गए थे। हिन्दी और उर्दू का मिश्रण ‘हिन्दुस्तानी’ है। हम चाहते हैं कि नाम लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण और स्वतंत्र हो। पढ़ें पूरी खबर…
लखनऊ में ट्रैक्टर-ट्राली से माता के दर्शन करने जा रहे 46 लोग तालाब में गिरे; 9 की मौत, 3 लापता
नवरात्रि के पहले दिन लखनऊ से करीब 30 किमी. दूर इटौंजा में बड़ा हादसा हुआ। यहां ट्रैक्टर-ट्राली तालाब में पलट गई। इसमें सवार 46 लोग पानी में गिर गए। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 3 लापता हैं। ये हादसा इटौंजा से कुम्हरावां रोड पर गद्दीनपुरवा के पास हुआ है। ये सभी लोग माता के दर्शन करने जा रहे थे। क्षमता से ज्यादा लोग सवार होने के चलते ट्रैक्टर-ट्रॉली नियंत्रित होकर तालाब में पलट गई। फिलहाल लोगों को पानी से बाहर निकालने का ऑपरेशन जारी है।
शेयर बाजार में भारी गिरावट; सेंसेक्स 700 अंक से ज्यादा लुढ़का, रुपया ऑल टाइम लो पर
ग्लोबल मार्केट से मिले कमजोर संकेतों का असर भारतीय बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स में 700 से ज्यादा अंकों की गिरावट है। निफ्टी 17200 के नीचे फिसल गया है। सेंसेक्स के 30 में से 26 शेयर गिरावट में कारोबार कर रहे हैं। उधर, रुपया भी 56 पैसे कमजोर होकर खुला। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपए ने 81.55 के रिकॉर्ड निचले स्तर को छुआ। पूरी खबर यहां पढ़ें…
200 करोड़ रुपए के मनी लॉन्ड्रिंग केस में जैकलीन फर्नांडीज को अंतरिम जमानत मिली
200 करोड़ रुपए के मनी लॉन्ड्रिंग केस में बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज को दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने 50 हजार रुपए के बेल बॉन्ड पर अंतरिम जमानत दी है। ED ने 17 अगस्त को इस केस में एक चार्जशीट दाखिल की थी जिसमें जैकलीन को आरोपी बताया गया था। ED ने अप्रैल में एक्ट्रेस की सात करोड़ से अधिक संपत्ति अटैच की थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ED का मानना है कि जैकलीन को शुरू से पता था कि इस केस के मख्य आरोपी सुकेश चंद्रशेखर ठग है और वह जबरन वसूली करता है। दोनों रिलेशन में थे। इनकी कई प्राइवेट फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं, जिसके बाद ED ने जैकलीन से पूछताछ की और दोनों की फोटोज को सबूत के रूप में रखा है।
US में बोले एस जयशंकर- भारत में कवरेज को लेकर अमेरिकी मीडिया एकतरफा, मोदी की वजह से सुनी जाती है हमारी आवाज
UNGA के 77वें सत्र में शामिल होने अमेरिका पहुंचे विदेश मंत्री एस जयशंकर ने एक कार्यक्रम में कहा है कि अमेरिकी मुख्यधारा की मीडिया भारत में कवरेज को लेकर एकतरफा है। उन्होंने कहा- भारत आज दुनियाभर के लिए महत्वपूर्ण है और इसकी आवाज नरेंद्र मोदी के कारण मायने रखती है।
हिमाचल के कुल्लू में ट्रैवलर बस खाई में गिरी, 7 की मौत और 10 घायल
हिमाचल के कुल्लू में रविवार रात हुए हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई है। 10 गंभीर रूप से घायल हैं। रात करीब 8:45 बजे टेंपो ट्रैवलर गिलोरी पास से घियागी की तरफ जा रही थी। इस दौरान ड्राइवर का नियंत्रण खो गया और वाहन गहरी खाई में जा गिरा। SP कुल्लू गुरुदेव शर्मा ने यह पुष्टि की। वाहन में ड्राइवर समेत 17 लोग सवार थे। इनमें 4 IIT BHU वाराणसी के छात्र भी बताए जा रहे हैं। सातों शव बरामद कर लिए गए हैं। घायलों का इलाज जारी है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से कर्नाटक के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से 28 सितंबर तक कर्नाटक के दौरे पर रहेंगी। राष्ट्रपति का यह पहला कर्नाटक दौरा होगा। राष्ट्रपति भवन ने बताया कि वह सोमवार को मैसुरु में दशहरा उत्सव का उद्घाटन करेंगी।
इसके बाद वह उसी दिन हुबली में हुबली-धारवाड़ नगर निगम की तरफ से आयोजित ‘पोउरा सनमाना’ सम्मान समारोह में शामिल होंगी।
मुंबई में एक नाले में 7 झोपड़ियों का हिस्सा ढहा, आसपास की 24 झोपड़ियों को किया गया खाली
मुंबई में विले पार्ले में एक नाले में 7 झोपड़ियों का हिस्सा ढह गया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सुरक्षा कारणों से 24 झोपड़ियों को खाली कर दिया गया है। स्थानीय लोगों ने बीएमसी स्कूल में ट्रांसफर कर दिया गया है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.