झारखंड की बेटियों रूपी तिर्की और लवली चौबे के दम पर भारतीय महिला टीम ने ने 14वीं एशियन लॉन बॉल्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत लिया है। भारतीय महिला टीम की इस जीत पर सभी खिलाड़ियों को बधाइयां मिल रही हैं। यह पूरे राज्यवासियों के लिए गर्व की बात है कि टीम में झारखंड की रूपा रानी तिर्की एवं लवली चौबे भी शामिल थी। 14वीं एशियाई लॉनबॉल चैंपियनशिप मलेशिया में 21 फरवरी से खेली जा रही थी। चैम्पियनशिप में भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया है।
भारतीय टीम का फाइनल में मुकाबला मलेशिया से था। मलेशियाई टीम ने प्रारम्भिक मुकाबलों में भारतीय टीम को पराजित कर दिया था, लेकिन फाइनल में भारतीय बेटियों ने बेहद कड़े मुकाबले में मलेशिया से पहले मिली हार का न सिर्फ बदला लिया, बल्कि टीम के लिए स्वर्ण पदक जीत लिया। भारत ने मलेशिया को 17-16 से पराजित किया। इसके पूर्व भारतीय महिला टीम ने सेमीफाइनल में हॉन्गकॉन्ग को 14-11 से पराजित किया था।
झारखंड की बेटियों ने दिखाया दम
अगस्त 2022 में कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत को चैम्पिययन बनाने वाली झारखंड की रूपा रानी तिर्की और लवली चौबे का जलवा एशियन गेम्स में भी देखने को मिला। इनके शानदार खेल की बदौलत भारतीय टीम जीत हासिल करने में कामयाब हो सकी। इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा दिल्ली की पिंकी कुमारी एवं असम की नैनमोनी सकिया ने भारतीय टीम को जीत दिलाने में अपनी अहम भूमिका निभाई।
बधाइयों का तांता
भारतीय टीम की इस महान उपलब्धि पर पूरा देश गौरवान्वित है। झारखंड की खिलाड़ियों के शानदार योगदान की राज्य के खिलाड़ी संघ दिल खोलकर सराहना कर रहे हैं। झारखंड के खेल सचिव मनोज कुमार, खेल निदेशक डॉ सरोजनी लकड़ा, झारखंड ओलंपिक संघ के अध्यक्ष आरके आनंद, रूपा रानी एवं लवली चौबे के प्रशिक्षक सह झारखंड ओलंपिक संघ के महासचिव डॉ मधुकांत पाठक के अलावा संघ के आशीष झा, रितेश झा, शिवेंदु दुबे, आलोक मिश्रा, शशांक भूषण सिंह, सीडी सिंह समेत राज्य के खेल प्रेमियों ने बधाई दी है।